महापौर ने रामनगर व गायत्री नगर का किया सघन दौरा
0 लोगों की समस्याएं सुनकर मौके पर अधिकारियों को दिये निर्देश।
कोरबा। नगर पालिक निगम क्षेत्रान्तर्गत निरन्तर किये जा रहे दौरों की श्रृंखला में गुरुवार को वार्ड क्रमांक 27 रामनगर एवं गायत्री नगर में निगम अधिकारियों के साथ दौरा किया। इस दौरान गायत्री नगर वासियों ने गर्मी के इस भीषण मौसम में पानी की समस्या से महापौर को अवगत कराया। उन्होंने जानकारी दी कि यहां पर पाइप लाइन नहीं बिछाया गया है। यहां पर पाइप लाइन बिछाकर पानी आपूर्ति कराने की मांग बस्तीवासियों ने की। बस्तीवासियों की समस्या सुनने के पश्चात महापौर ने जलापूर्ति के लिए कार्यपालन अभियंता आर.के. माहेश्वरी एवं सहायक अभियंता राकेश मसीह को निर्देश देते हुए कहा कि उक्त बस्ती में जलापूर्ति की स्थाई व्यवस्था किया जाना सुनिश्चित करें। वर्तमान में तात्कालिक रूप से यहां के रहवासियों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए टैंकर से जलापूर्ति करवाया जाना सुनिश्चित करें। निगम अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ में स्थल निरीक्षण के दरम्यान वार्ड पार्षद राजेन्द्र सूर्यवंशी एवं वार्ड 30 के पूर्व पार्षद सीताराम चौहान के साथ बस्तीवासी उपस्थित थे।