HO – TP Nagar Korba(CG)

finalLogo
Breaking News
अम्बिकापुरकोरबा न्यूज़दुर्गबस्तरबिलासपुररायपुरविशेष समाचार

*ग्राम सतरेगा का हर घर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से होगा रोशन,200 घरों में लगाए जाएंगे रूफटॉप सोलर सिस्टम, सतरेगा बनेगा सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर गांव,सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन ग्राम सभा में हुए शामिल, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं और दिए निराकरण के निर्देश*

कोरबा आज का भारत न्यूज,

कोरबा जिले के वनांचल ग्राम सतरेगा के सभी 200 घर अब प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से रोशन होंगे। लगभग 650 की आबादी वाले इस गांव को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा से जोड़ने के लिए अभिसरण मॉडल के तहत प्रत्येक घर में रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। इस पहल से सतरेगा न केवल बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा, बल्कि स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग के लिए जिले और प्रदेश के सामने एक आदर्श गांव के रूप में स्थापित होगा।

शुक्रवार को ग्राम सतरेगा में आयोजित ग्राम सभा में सीईओ जिला पंचायत  प्रतीक जैन शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी मांगों एवं समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभों की जानकारी देते हुए प्रत्येक घर में सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

सीईओ श्री जैन ने कहा कि सौर ऊर्जा स्वच्छ, पर्यावरण अनुकूल और किफायती ऊर्जा का बेहतर विकल्प है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से घरों की छतों पर सोलर सिस्टम स्थापित होने से परिवारों को बिजली बिल में राहत मिलेगी। साथ ही निर्धारित प्रावधानों के अनुसार अतिरिक्त बिजली उत्पादन को विद्युत ग्रिड में भेजकर आर्थिक लाभ प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने ग्रामीणों से इस योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने और सतरेगा को सौर ऊर्जा से संपन्न आदर्श गांव बनाने में सहयोग करने की अपील की।

ग्राम सभा में सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों की स्थिति, विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत संचालित विकास कार्यों तथा स्कूलों में बालिका शौचालयों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पहाड़ी कोरवा परिवारों की आवागमन संबंधी सुविधा के लिए धरसा निर्माण के विषय में आवश्यक कार्यवाही करने को कहा, ताकि विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर सीईओ जनपद पंचायत कोरबा  संजय राय, एसडीओ आरईएस, छत्तीसगढ़ विद्युत विभाग के अधिकारी तथा विकसित भारत जी राम जी योजना के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।