*शिक्षा के मंदिर में गूंजी किलकारी, प्राथमिक शाला बिंझवारपारा दीपका में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव*
कोरबा दीपका,
*नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर हुआ स्वागत, बांटी गई नि:शुल्क पुस्तकें और यूनिफॉर्म*
*एकलव्य विद्यालय के लिए चयनित मेधावी छात्रों का हुआ विशेष सम्मान*
*सामुदायिक सहभागिता की मिसाल बना स्कूल में आयोजित न्योता भोजन*
शिक्षा के प्रति बच्चों में उत्साह जगाने और उन्हें स्कूल की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से आज शासकीय प्राथमिक शाला बिंझवारपारा संकुल दीपका में शाला प्रवेश उत्सव का भव्य एवं प्रेरणादायक आयोजन किया गया इस गौरवमयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे ।
*परंपरागत स्वागत से खिले नौनिहालों के चेहरे*
कार्यक्रम की शुरुआत नवप्रवेशित बच्चों के आत्मीय स्वागत के साथ हुई स्कूल की चौखट पर पहली बार कदम रख रहे मासूम बच्चों का भारतीय परंपरा के अनुसार माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारकर और मुंह मीठा कराकर स्वागत किया गया इस आत्मीयता को पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे मुख्य अतिथि कमलेश कुमार जायसवाल ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद देते हुए शासन की योजना के तहत नि:शुल्क स्कूल यूनिफॉर्म (गणवेश) एवं पाठ्य पुस्तकें वितरित कीं ।
*प्रतिभाओं का सम्मान और न्योता भोजन की अनूठी पहल*
यह उत्सव न केवल नए बच्चों के स्वागत का माध्यम बना बल्कि स्कूल की सफलताओं को भी रेखांकित कर गया शाला से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए चयनित हुए प्रतिभावान विद्यार्थियों का मंच पर विशेष रूप से सम्मान किया गया ताकि अन्य बच्चे भी इससे प्रेरणा ले सकें इस अवसर पर प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत स्कूल में न्योता भोजन का भी विशेष आयोजन किया गया जिसमें बच्चों को सुरुचिपूर्ण भोजन कराया गया इस पहल ने कार्यक्रम में सामुदायिक अपनेपन का एक नया रंग भर दिया ।
वार्ड पार्षद कमलेश जायसवाल ने कहां कि ऐसे गरिमामयी कार्यक्रम बच्चों को न सिर्फ विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित करते हैं बल्कि उनके मन में शिक्षा के प्रति एक सकारात्मक रुचि भी पैदा करते हैं आज के बच्चे ही कल के सशक्त भारत का निर्माण करेंगे ।
*गरिमामयी उपस्थिति*
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में शाला परिवार और प्रबंधन समिति का सराहनीय योगदान रहा कार्यक्रम के दौरान शाला के प्रधान पाठक सूर्य भूषण प्रताप सिंह सहायक शिक्षक पोखराज सिंह कंवर शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष कौशल्या बिंझवार मधु सोनी महाविद्या सागर बिंझवार सविता कुर्रे सहित बड़ी संख्या में जागरूक अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे ।
सभी उपस्थित जनों ने बच्चों को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और उनके उज्ज्वल व सफल भविष्य की मंगलकामना की ।











