*कोरबा मादक द्रव्य पदार्थ बिक्री केंद्र को स्थानांतरित करने का महिलाओं ने जताया विरोध,पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर भी प्रदर्शन में हुए शामिल,अप्रिय घटना को रोकने पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर रही मौजूद*
कोरबा,
कोरबा जिले में रामपुर स्थित मादक द्रव्य पदार्थ बिक्री केंद्र को बरबसपुर मुख्य मार्ग पर स्थानांतरित करने का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। निरीक्षण के लिए पहुंची आबकारी विभाग की टीम को महिलाओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं मौके पर एकत्रित होकर धरने पर बैठ गईं और दुकान खोले जाने का विरोध करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग रामपुर स्थित मादक द्रव्य पदार्थ बिक्री केंद्र को बरबसपुर मुख्य मार्ग पर स्थानांतरित करने की तैयारी कर रहा था। इसी सिलसिले में विभागीय टीम निरीक्षण के लिए पहुंची थी। टीम के पहुंचते ही आसपास की महिलाएं बड़ी संख्या में एकत्रित हो गईं और मादक द्रव्य पदार्थ बिक्री केंद्र खोले जाने के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दी। वहीं महिलाओं के समर्थन में पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर भी मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
विरोध की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके साथ ही आंदोलन की जानकारी जिला प्रशासन को दी गई, जिसके बाद तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। गौरतलब है कि रामपुर मादक द्रव्य पदार्थ बिक्री केंद्र हटाने को लेकर लंबे समय से विरोध चल रहा है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार विरोध प्रदर्शन और आंदोलन किए जा चुके हैं। क्षेत्र में मादक द्रव्य पदार्थ बिक्री केंद्र को से जुड़ी मारपीट और विवाद की घटनाएं भी कई बार सामने आ चुकी हैं।











