*जिला पंचायत में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस,जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने किया ध्वजारोहण,गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ करें कार्य: सीईओ प्रतीक जैन*
कोरबा आज का भारत न्यूज,
कोरबा जिला पंचायत कार्यालय कोरबा में स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
अपने उद्बोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने कहा कि देश, प्रदेश और जिले के विकास के लिए सभी को समन्वित एवं समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए। सामूहिक प्रयासों से विकास को गति देते हुए राष्ट्र को प्रगति और समृद्धि के शिखर तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रहित में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया ने भी सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का कार्यक्षेत्र अत्यंत व्यापक है और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास से जुड़ी अनेक चुनौतियां हैं। इन चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करते हुए गांवों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास में सहभागी बनकर हम विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर पर उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान, सहायक परियोजना अधिकारी श्रीमती अमिता साहू, श्रीमती इंदिरा भगत सहित जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





