*ऐतिहासिक एवं पौराणिक पहचान वाले लक्ष्मण नाला के अस्तित्व पर संकट, निर्माण कार्य तत्काल बंद कराने की मांग,निजी कंपनी की सुविधा के लिए स्थानीय धरोहर को नुकसान पहुँचाने की आशंका, कलेक्टर से निष्पक्ष जाँच की मांग*
कोरबा आज का भारत न्यूज,
*कुसमुंडा//कोरबा:-*
जिले के ग्राम कुचेना कुसमुंडा स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक लोकमान्यता से जुड़े लक्ष्मण नाला के अस्तित्व पर मंडरा रहे खतरे को लेकर ऊर्जाधानी भूविस्थापित किसान कल्याण समिति ने चिंता व्यक्त की है समिति के अध्यक्ष सपुरन कुलदीप ने कलेक्टर जिला कोरबा को ज्ञापन सौंपकर लक्ष्मण नाला के आसपास कराए जा रहे सड़क एवं अन्य निर्माण कार्यों पर जाँच पूरी होने तक तत्काल रोक लगाने तथा इस स्थल के संरक्षण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है ।
समिति के अनुसार ग्राम कुचेना का लक्ष्मण नाला स्थानीय ग्रामीणों की ऐतिहासिक पौराणिक एवं सांस्कृतिक मान्यताओं से जुड़ा हुआ है स्थानीय बुजुर्गों एवं ग्रामीणों के बीच प्रचलित लोकमान्यता के अनुसार भगवान श्रीराम माता सीता एवं लक्ष्मण जी के वनवास काल से इस स्थान का संबंध माना जाता है ग्रामीणों के अनुसार यहाँ एक बड़े पत्थर की आकृति भी मौजूद है जिसे लक्ष्मण जी द्वारा ईंट काटे जाने से संबंधित मान्यता से जोड़कर देखा जाता है यह स्थल लंबे समय से स्थानीय जनमानस की आस्था एवं सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा रहा है ।
*निजी कंपनी की सुविधा के लिए निर्माण, निष्पक्ष जाँच जरूरी*
सपुरन कुलदीप ने कहा कि प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र में किसानों की निजी भूमि खरीदकर कोयला डिस्पैच के लिए स्टॉक एवं सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है आशंका है कि इस निर्माण से लक्ष्मण नाला की प्राकृतिक संरचना जल प्रवाह तथा उससे जुड़ी ऐतिहासिक-पौराणिक पहचान को नुकसान पहुँच सकता है ।
उन्होंने कहा कि यदि किसी निजी कंपनी की व्यावसायिक सुविधा के लिए सड़क निर्माण किया जा रहा है तो उसकी आवश्यकता स्वीकृति जनहित एवं स्थानीय धरोहर पर पड़ने वाले प्रभाव की निष्पक्ष जाँच होनी चाहिए किसानों की भूमि खरीदी जाने भूमि के मूल्य तथा निर्माण से संबंधित दस्तावेजों की भी जाँच की जानी चाहिए ताकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सके ।
*विकास का विरोध नहीं, धरोहर की सुरक्षा जरूरी*
समिति अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि संगठन विकास कार्यों का विरोधी नहीं है लेकिन विकास के नाम पर किसी महत्वपूर्ण प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर के अस्तित्व को खतरे में डालना उचित नहीं है उन्होंने कहा कि लक्ष्मण नाला केवल जल निकासी का माध्यम नहीं बल्कि स्थानीय ग्रामीणों की लोकस्मृति और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा स्थल है एक बार ऐसी धरोहर नष्ट हो जाने पर उसकी भरपाई संभव नहीं होगी ।
*समिति की प्रमुख मांगें*
समिति ने कलेक्टर से मांग की है कि:—
1. लक्ष्मण नाला के आसपास चल रहे निर्माण कार्यों पर जाँच पूरी होने तक तत्काल रोक लगाई जाए ।
2. राजस्व विभाग संबंधित ग्राम पंचायत एवं अन्य सक्षम विभागों की संयुक्त टीम बनाकर स्थल का निरीक्षण एवं सीमांकन कराया जाए ।
3. नाले की प्राकृतिक संरचना जल प्रवाह और स्थानीय ऐतिहासिक-पौराणिक मान्यताओं का दस्तावेजीकरण कराया जाए ।
4. किसानों की भूमि खरीदी भूमि के मूल्य सड़क निर्माण की आवश्यकता तथा निजी कंपनी को होने वाले संभावित लाभ की निष्पक्ष जाँच की जाए ।
5. सड़क निर्माण की स्वीकृति नक्शा वैधानिक अनुमति एवं अन्य संबंधित अभिलेखों की जाँच कराई जाए ।
6. लक्ष्मण नाला को सुरक्षित रखने के लिए संरक्षण योजना बनाई जाए तथा आवश्यकता होने पर वैकल्पिक सड़क मार्ग पर विचार किया जाए ।
7. जाँच एवं की गई कार्रवाई की जानकारी ग्रामवासियों और समिति को लिखित रूप में दी जाए ।
*कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप की अपील*
सपुरन कुलदीप ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि जनभावनाओं प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था एवं स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए मामले में तत्काल हस्तक्षेप किया जाए उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य से किसी प्रकार की अपूरणीय क्षति होने से पहले स्थल की वास्तविक स्थिति का आकलन कर संरक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए ।










