HO – TP Nagar Korba(CG)

finalLogo
Breaking News

पत्नी को प्रताड़ित करने वाला पति गिरफ्तार

कोरबा। खाना बनाने की बात को लेकर आये दिन पत्नी को प्रताड़ित करते हुए अंतत: जहरपान कर उसे आत्महत्या कर लेने के लिए उत्प्रेरित कर मजबूर करने वाला आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसे धारा 306 भादवि के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में उपजेल कटघोरा दाखिल कर दिया गया।
पाली थानांतर्गत ग्राम बैसमर निवासी मनमोहन सिंह धनुहार (35) पिता सम्मेलन सिंह धनुहार की शादी मेला बाई धनुहार के साथ हुई थी। बीते 2 जनवरी को उसकी पत्नी मेला बाई के गृहग्राम केरामुड़ा गया हुआ था। वहां से शाम को 6 बजे के लगभग खाना खाकर वापस आया था। घर वापस आने पर उसने अपनी पत्नी को पुन: खाना बनाने के लिए बोला। पत्नी ने खाना बनाने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर वह अपनी पत्नी से काफी वाद-विवाद किया, जिसके कारण मेलाबाई ने जहरसेवन कर लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के परिजनों का कथन पुलिस ने मर्ग क्रमांक 03/23 धारा 174 जाफ्ता फौजदारी के मामले में विवेचना के दौरान दर्ज किया गया। मृतका के परिजनों ने उसके पति के द्वारा प्रताड़ित किये जाने से जहर सेवन किये जाने का बयान दर्ज कराया। उपरोक्त मामले में मर्ग जांच व विवेचना के आधार पर आरोपी को धारा 306 भादवि के तहत गिरफ्तार कर चैतमा चौकी प्रभारी सुरेश जोगी एवं प्रधान आरक्षक प्रकाश रजक ने वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर उसे रिमांड पर न्यायालय पेश किया, जहां से आरोपी को उपजेल कटघोरा दाखिल करा दिया गया।