लो वोल्टेज और बिजली की समस्या होगी दूर : मंत्री देवांगन
0 वाणिज्य, श्रम और उद्योग मंत्री ने किया सब स्टेशन का उद्घाटन
0 1.76 करोड़ की लागत से नवनिर्मित सबस्टेशन का हुआ लाइटअप
कोरबा। प्रदेश के वाणिज्य, श्रम और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने खरमोरा में नवनिर्मित 33/11 केवी उपकेंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सब स्टेशन के शुरू हो जाने से कई वार्ड की बिजली की समस्या पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। विशेष तौर पर दादरखुर्द, खरमोरा समेत अन्य वार्डों में निर्बाध रूप से बिजली की आपूर्ति हो पाएगी।

मंत्री देवांगन ने कहा कि सबस्टेशन से गर्मी के दिनों में लो वोल्टेज और कटौती से राहत मिलेगी। शहर के कई जगह पर नवीन उपकेंद्र निर्माणाधीन है। हमारा प्रयास है कि सभी का निर्माण जल्द पूरा हो सके, ताकि पूरे शहर में बिजली की समस्या से निदान मिल सके। इस सबस्टेशन से आसपास के 4 वार्डों के 5 हजार उपभोक्तओं को इसका लाभ मिलेगा। वार्डवासियों की मांग पर मंत्री देवांगन ने वितरण विभाग के अधिकारियो को निर्देशित किया कि जिन भी वार्डों में अधिक बिजली बिल की शिकायत है, वहां जल्द शिविर लगाकर शिकायतों का निराकरण करें। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि सहित डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी के अधिकारी एवं आम नागरिक उपस्थित थे।












