*सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर जिला पुलिस बल कोरबा द्वारा एकता वृक्षारोपण एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन*
कोरबा,
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में भारत के लौह पुरुष एवं राष्ट्रीय एकता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जिला पुलिस बल, कोरबा द्वारा “एकता वृक्षारोपण (एकता वृक्ष अभियान)” तथा विभिन्न जनजागरूकता एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में पुलिस केंद्र, कोरबा में “सरदार वल्लभभाई पटेल के विचार एवं राष्ट्रीय एकता” विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एकता वृक्षारोपण भी किया गया।
इसी अवसर पर साडा कन्या विद्यालय, कोरबा में छात्राओं के लिए वाद-विवाद, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, राष्ट्रीय एकता एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में कुल 38 विद्यार्थियों ने सहभागिता की, जिनमें—
चित्रकला प्रतियोगिता – 15 प्रतिभागी
निबंध प्रतियोगिता – 18 प्रतिभागी
वाद-विवाद प्रतियोगिता – 5 प्रतिभागी
वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रिया साहू एवं अनु गुप्ता ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में साडा कन्या विद्यालय के प्राचार्य श्री रणधीर सिंह, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्राओं, रक्षित निरीक्षक श्री अनथ राम पैकरा, प्रशिक्षुक सूबेदार मयंक वर्मा ,प्रशिक्षुक सूबेदार यूगल किशोर पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति एवं सक्रिय सहभागिता रही।
जिला पुलिस बल, कोरबा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति, सामाजिक सद्भाव एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना रहा। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।











