*कांग्रेस का प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला: महंगे बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और बढ़ती महंगाई के खिलाफ खोला मोर्चा; उग्र आंदोलन की दी चेतावनी*
कोरबा आज का भारत न्यूज,
कोरबा। जिला कांग्रेस कार्यालय, टीपी नगर कोरबा में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पूर्व मंत्री नोवेल वर्मा एवं कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारीगण की उपस्थिति में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और राज्य में बढ़ती महंगाई, महंगी बिजली दरों तथा जबरन लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर सरकार की नीतियों का कड़ा विरोध जताया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और पूर्व मंत्री नोवेल वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता, गरीबों और मध्यमवर्गीय परिवारों का आर्थिक शोषण कर रही है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उपभोक्ताओं के बिजली बिल दोगुने-तिगुने आ रहे हैं, जिससे जनता अत्यधिक त्रस्त है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 400 यूनिट तक बिजली बिल आधा (हाफ) करने की जनहितैषी योजना लागू थी, जिससे हर वर्ग को राहत मिलती थी। वर्तमान सरकार ने इस व्यवस्था को ठप कर दिया है और लगातार बिजली दरों में अप्रत्याशित वृद्धि कर रही है।
कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए, मीटरों की गड़बड़ियों और अत्यधिक बिलिंग की पारदर्शी जांच कराई जाए तथा पूर्व की भांति हाफ बिजली बिल योजना को पूर्ण रूप से पुनः बहाल किया जाए।
प्रेस वार्ता में यह भी मुद्दा उठाया गया कि बिजली की बढ़ी हुई दरों के साथ-साथ आवश्यक वस्तुओं और दैनिक उपयोग की चीजों की कीमतें आसमान छू रही हैं। सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। राज्य में किसानों को पर्याप्त खाद भी नहीं मिल रहा है।
पूर्व मंत्रियों ने बताया कि प्रदेश स्तर पर सरकार के विफलता और आमजन की परेशानी को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की जा रही है। इसके बाद यदि सरकार ने बढ़ी हुई बिजली दरें वापस नहीं लीं, स्मार्ट मीटर थोपना बंद नहीं किया और बिजली बिल हाफ योजना शुरू नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरे प्रदेश में उग्र प्रदर्शन और जन-आंदोलन करेगी।
उक्त प्रेस वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा के ग्रामीण अध्यक्ष श्री मनोज चौहान, शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू सहित वरिष्ठ नेता, ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षदगण एवं पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।









