HO – TP Nagar Korba(CG)

finalLogo
Breaking News
अम्बिकापुरकोरबा न्यूज़दुर्गबस्तरबिलासपुररायपुरविशेष समाचार

*उरगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश, 04 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद चोरी के दो अलग-अलग प्रकरणों का खुलासा, 03 आरोपी गिरफ्तार एवं 01 विधि से संघर्षरत बालक निरुद्ध*

कोरबा आज का भारत न्यूज,

कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र से चोरी की 02 तथा सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की 02 मोटरसाइकिलें बरामद।

हीरो शोरूम की छत एवं दरवाजे का ताला तोड़कर मोटरसाइकिल चोरी करने से लेकर भैसमा बाजार में खड़ी बाइक पार करने तक की वारदातों का खुलासा।

दोनों प्रकरणों के आरोपियों से नगरदा क्षेत्र में चोरी की गई एक-एक अतिरिक्त मोटरसाइकिल का भी पता चला।

शोरूम से लेकर बाजार तक चोरी की वारदातें, उरगा पुलिस ने आरोपियों को दबोचा

कोरबा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में थाना उरगा पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उरगा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो अलग-अलग प्रकरणों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर कुल 04 चोरी की मोटरसाइकिलें तथा एक मोटरसाइकिल का साइलेंसर बरामद किया गया है। बरामद मोटरसाइकिलों में दो कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र तथा दो सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं।

प्रकरण क्रमांक 01: हीरो शोरूम की छत तोड़कर नई बाइक और 15 बैटरियां चोरी

थाना उरगा में अपराध क्रमांक 581/2026, धारा 331(4), 305(ए), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत दर्ज प्रकरण में प्रार्थी जितेन्द्र कुमार टण्डन, निवासी ग्राम सिलियारी भाठा, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 10 अक्टूबर 2026 की शाम ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो होंडा एजेंसी को बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने दुकान की छत का टीन एवं पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर एक बिना नंबर की नई एचएफ डीलक्स प्रो मोटरसाइकिल तथा एक्साइड कंपनी की 15 बैटरियां चोरी कर ली थीं।

विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल लेकर घूम रहे हैं। सूचना पर उरगा पुलिस टीम ने बरपाली के भट्ठी रोड में घेराबंदी कर संदेहियों शुभम कुमार कंवर एवं विनय कुमार कंवर को पकड़ा। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो एजेंसी से मोटरसाइकिल एवं बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिल का साइलेंसर निकालकर घर में छिपा दिया था, जबकि बैटरियों को पकड़े जाने के डर से हसदेव नदी के गहरे पानी में फेंक देना बताया। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल एवं उसका साइलेंसर बरामद कर विधिवत जप्त किया।

इस प्रकरण में आगे की पूछताछ के दौरान आरोपियों से सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी प्राप्त हुई, जिसे पुलिस ने बरामद किया।

प्रकरण क्रमांक 02: भैसमा बाजार से बाइक चोरी, नगरदा क्षेत्र की एक और वारदात उजागर

थाना उरगा में अपराध क्रमांक 596/2026, धारा 303(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत दर्ज दूसरे प्रकरण में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 25 अक्टूबर 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे उसने अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AT 9778 को भैसमा चौक के पास सड़क किनारे खड़ा किया था। लगभग एक घंटे बाद लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली।

विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सागौन बाड़ी, भैसमा के पास दो संदेही चोरी की मोटरसाइकिल लेकर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर महेन्द्र चौहान एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पूछताछ में महेन्द्र चौहान ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर भैसमा बाजार से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों से सघन पूछताछ के दौरान सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस ने भैसमा से चोरी गई मोटरसाइकिल सहित नगरदा क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद कर विधिवत जप्त की।

*कुल बरामदगी:* कोरबा की 02 और सक्ती की 02 मोटरसाइकिलें

उरगा पुलिस की कार्रवाई में कुल 04 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

थाना उरगा, जिला कोरबा क्षेत्र से चोरी की 02 मोटरसाइकिलें: ग्राम तुमान स्थित शोरूम से चोरी गई एचएफ डीलक्स प्रो तथा भैसमा बाजार से चोरी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AT 9778।

थाना नगरदा, जिला सक्ती क्षेत्र से चोरी की 02 मोटरसाइकिलें: दोनों प्रकरणों के आरोपियों से एक-एक अतिरिक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।

अन्य बरामदगी: एचएफ डीलक्स प्रो मोटरसाइकिल का साइलेंसर।

*गिरफ्तार आरोपियों एवं निरुद्ध बालक का विवरण*

प्रथम प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी:

1. शुभम कुमार कंवर, पिता जय नंदन कंवर, उम्र 18 वर्ष, निवासी ठरकपुर पुरैना, थाना उरगा, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़)।
2. विनय कुमार कंवर, पिता नेहरू सिंह कंवर, उम्र 19 वर्ष, निवासी पुराना रिस्दा, बालको; स्थायी पता पचपेड़ी, थाना उरगा, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़)।

द्वितीय प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी:

3. महेन्द्र चौहान, पिता अजय चौहान, उम्र 18 वर्ष 4 माह, निवासी नगरदा, थाना नगरदा, जिला सक्ती (छत्तीसगढ़)।

निरुद्ध: द्वितीय प्रकरण में संलिप्त 01 विधि से संघर्षरत बालक।

तीनों आरोपियों को दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। सभी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया की गई।