HO – TP Nagar Korba(CG)

finalLogo
Breaking News

मसीही समाज ने उत्साह और उमंग के साथ मनाया क्रिसमस, शहर सहित जिले भर के गिरजाघरों में हुई विशेष प्रार्थना

कोरबा। क्रिश्चियन समुदाय की ओर से मनाया जाने वाला क्रिसमस पर्व सोमवार को जिले में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इसके लिए शहर सहित जिले भर के गिरजाघरों में तैयारियां पूरी कर ली गई थी। मसीही समुदाय ने यहां विशेष प्रार्थना की।
25 दिसंबर क्रिसमस पर्व को लेकर मसीही समुदाय में विशेष उत्साह देखा गया। इसके लिए सप्ताह भर पहले से तैयारियां शुरू कर दी गई थी। सोमवार को जिले के सभी प्रमुख चर्च में मसीही समुदाय के लोग एकत्रित हुए और विशेष प्रार्थना के बाद एक दूसरे को पर्व की बधाई दी गई। शहर में एसईसीएल स्थित मोनोनाइट चर्च, कोसाबाड़ी स्थित चर्च, मिशन रोड स्थित चर्च के साथ ही जिले में स्थित लगभग 300 चर्च में उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा। प्रभु यीशु के जन्म की खुशियां सोमवार को धूमधाम से मनाई गई। इससे पहले 24 दिसंबर की मध्य रात्रि में गिरजाघरों में यीशु मसीह के स्वागत में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नगर के गिरजाघरों में युवाओं ने ड्रामा प्रस्तुत किया। 25 दिसंबर की सुबह चर्चों में जीजस ख्राइस्ट की आराधना के स्वर गूंज उठे। नए कपड़े पहनकर सजे-धजे मसीही सुबह से ही चर्चों में पहुंचने लगे थे। प्रार्थना सभा के बाद एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाइयां दी गईं। लोग एक-दूसरे के घरों में भी पहुंचे। क्रिसमस यानी बड़ा दिन का मसीही समुदाय के हर व्यक्ति को बेसब्री से इंतजार होता है। करीब एक पखवाड़े से चल रहा जश्न क्रिसमस पर पूरे शबाब पर था। शनिवार रात से ही मसीही क्रिसमस सेलिब्रेशन के लिए तैयार थे, सुबह से शहर सहित जिले के गिरजाघरों में मसीहियों का उत्साह देखते ही बनता था। क्रिसमस डे पर सभी गिरजाघरों में सुबह से ही विशेष प्रार्थना सभाएं चलीं, जिनमें बड़ी संख्या में मसीही समुदाय के लोग शामिल हुए। रविवार की रात रोशनी से जगमगाते गिरजाघरों में मसीहियों ने प्रभु यीशु की आराधना की। सभी चर्चों में हुईं आराधना सभाओं में मसीही जुटे। प्रभु यीशु के जन्म प्रसंग पर पादरियों एवं वक्ताओं ने प्रकाश डाला। इसके बाद सभी लोगों ने एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। आराधना सभा के बाद रिश्तेदारों व परिचितों के घर पहुंचे लोगों की प्लम केक, डोनट्स व ड्राईफ्रूट्स के साथ खातिरदारी की गई। लोगों ने एक-दूसरे को गिफ्ट्स भी भेंट किए। क्रिसमस पर गिरजाघरों के अलावा मसीहियों ने घरों में भी आकर्षक सजावट की है। डेकोरेटिव लाइट, स्टार, मूर्ति, घंटियों के साथ बिजली झालर व आकाश दीपों की जगमगाहट से प्रभु यीशु के जन्म की खुशियों का इजहार किया गया।